भटनी रेलवे स्टेशन पर मौर्य एक्सप्रेस में चढ़ते यात्री। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
भटनी/देवरिया। बिहार में दोनों चरणों के मतदान के बाद अब लोग काम पर लौटने के लिए शहरों की ओर कूच करने लगे हैं। इससे बिहार से मुंबई, दिल्ली, पंजाब और गुजरात जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। आरक्षित बोगी में कन्फर्म टिकट नहीं होने से लोग साधारण बोगी में खड़े होकर यात्रा को मजबूर हो रहे हैं।
ट्रेनों में अचानक भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने अपनी गश्त बढ़ा दी है। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से गेट पर खड़े होकर यात्रा नहीं करने की अपील की है।
दीपावली और छठ पर्व को अपनों के साथ मनाने के लिए बिहार व पूर्वांचल के लोग शहरों से घर आये थे। यूपी के लोग तो त्योहार के बाद काम पर लौट गए लेकिन बिहार में कुछ लोग बिहार विधानसभा चुनाव के वोटिंग तक रुक गए। बिहार में 11 नवम्बर के आखरी चरण के मतदान के बाद अब लोग बड़े शहरों की ओर कूच करने लगे है। इसके चलते बिहार प्रांत से होकर आने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है।
स्थिति यह है कि मुंबई, दिल्ली, पंजाब और गुजरात जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग फूल है। ऐसे में लोग जनरल डिब्बो में खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर हैं।
इसके कारण लोकल के यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि रेलवे के जिम्मेदारों ने बताया कि कुछ दिन दिक्कत रहेगा। फिर सब कुछ सामान्य हो जाएगा। भटनी स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि बिहार से आने वाली ट्रेनों में भीड़ देखी जा रही है। यात्रियों सुरक्षा के दृष्टिकोण जीआरपी व आरपीएफ की टीम ट्रेनों में गश्त कर रही है। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।