नगरपालिका परिषद देवरिया की बोर्ड बैठक को संबोधित करतीं अध्यक्ष
देवरिया। छठ पर्व पर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोशनी, चाय स्टॉल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। सर्दी में जरूरतमंदों को राहत देने के लिए शहर में अस्थायी रैन बसेरे बनाए जाएंगे। नगर पालिका परिषद की शनिवार को हुई बोर्ड बैठक में इन प्रस्तावों समेत सभी 10 एजेंडों पर मुहर लगाई गई।
बापू भवन स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित बैठक में नगर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और इस पर होने वाले खर्च को भी स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा नवनिर्मित दुकानों की नीलामी के लिए प्रीमियम धनराशि निर्धारित करने पर चर्चा हुई। थोक और फुटकर मछली विक्रेताओं के लिए क्रमशः 11×15 फुट और 4×5 फुट स्थान निर्धारित कर प्रीमियम और मासिक शुल्क तय करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में एसएमएएस मशीन के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद और आपूर्ति के साथ मशीनों व वाहनों की मरम्मत संबंधी सामग्री की व्यवस्था पर विचार किया गया। जलकल और प्रकाश अनुरक्षण विभाग के प्रस्ताव भी रखे गए।
नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था भी की जाएगी।
बैठक में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी, एई जलकल एएन सिंह, कर अधीक्षक बृजेश वर्मा, जेई पूजा शुक्ला समेत सभासद अमित मिश्र, उर्मिला देवी, प्रियंका वर्मा, नृपेंद्र तिवारी, तस्लीम मलिक, सौरभ तिवारी और शिवानंद मिश्र मौजूद रहे।