आयोग के निर्देशों का करें पालन : डीएम
देवरिया। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने की तैयारी में प्रशासन जुटा है। मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने वोट डालने के लिए मतपत्र पर अधिमान अंकित करने का तरीका निर्धारित किया है, जिसके अनुरूप मतदाताओं को मतपत्र पर अपना अधिमान अंकित करना होगा।
जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग आफिसर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र अमित किशोर ने कहा कि आयोग के निर्देशों को सभी पालन करें। कहा कि प्रत्याशी मतदाताओं को मतपत्र पर सही तरीके से अधिमान अंकित करने के बारे में अवगत कराएं। मतपत्र का रंग गुलाबी होगा। इस पर अधिमान अंकों 1, 2, 3....में दिया जाएगा। मतदाता जितने प्रत्याशी हैं, उतने अधिमान अंकित करने के लिए स्वतंत्र हैं। मतपत्र पर अंकित अधिमान के अंकों में होने के अलावा कुछ भी लिखावट, चिह्न आदि की स्थिति में मतपत्र अवैध हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति निर्धारित प्रारूप पर की जाएगी। सभी प्रत्याशी/प्रतिनिधि अभिकर्ताओं की नियुक्ति करते हुए उन्हें मतदान दिवस पर समय से मतदान केंद्र पर उपस्थित होने तथा कोविड-19 के प्रोटोकाल का अनुपालन सुनिश्चित करने के बारे में निर्देशों से अवगत कराएं। मतदान के दिन कोई भी उम्मीदवार मतदेय स्थल से निर्धारित सीमा के भीतर किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार नहीं करेगा। कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के निर्देशों का अक्षरश: पालन किया जाए। प्रत्याशियों के अभिकर्ता मतदाताओं को जारी किए जाने वाले स्लिप पर मतदाता के भाग संख्या एवं क्रमांक के अतिरिक्त अन्य कोई भी लिखावट या चिह्न अंकित न करें।
पीठासीन अधिकारी के पास मौजूद पेन से ही अंकित करना होगा अधिमान
अधिमान के लिए आयोग की ओर से पेन उपलब्ध कराई गई है। पेन पीठासीन अधिकारियों के पास रहेगी, उसी से ही अधिमान अंकित करना होगा।
एक दिसंबर को होगा मतदान
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए मतदान एक दिसंबर को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक होगा। जनपद के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर बनाए गए मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। बैलेट बाक्स मतगणना स्थल गोरखपुर में जमा होगी। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।