छात्रा से छेड़खानी, विरोध पर मां-बहन को पीटा
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा से पड़ोस के कुछ युवकों ने सोमवार की सुबह छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर पीड़िता सहित मां, बहन की पिटाई कर दी। आरोप है कि मनबढ़ छात्रा को उठा ले गए और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं।
क्षेत्र के एक गांव में महिला की आठ बेटियां हैं। परिवार में कोई पुरुष सदस्य नहीं है। इनमें से सात की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बेटी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। इन दिनों महिला की एक और बेटी मायके में रह रही है। पड़ोस के कुछ युवक छात्रा को देखकर छींटाकशी करते रहते हैं। जब मां-बेटी विरोध करती हैं तो उन्हें धमकी देकर शांत कर दिया जाता है। सोमवार सुबह फिर मनबढ़ युवक छात्रा से अश्लीलता करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर मां, शादीशुदा बहन को मारने-पीटने लगे। इतना ही नहीं पीड़िता को उठा ले जाने और शोर मचाने पर उसके कपड़े फाड़ने का भी आरोप है। सूचना पर पहुंची पीआरबी दो लोगों को पकड़कर थाने लाई। एसओ जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। पड़ोसी से विवाद होना बताया जा रहा है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।