देवरिया में बाइक सवार तीन बच्चों के साथ चालक। संवाद
देवरिया। जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसके बावजूद बाइक चालकों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। शहर और कस्बों में बड़ी संख्या में लोग बाइक पर महिलाओं और बच्चों को बैठाकर बिना हेलमेट फर्राटे भरते नजर आ रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि कई लोग एक ही बाइक पर चार सवारी बैठाकर भी सड़क पर निकल पड़ते हैं। न तो चालक हेलमेट पहनता है और न ही पीछे बैठी सवारी की सुरक्षा का ख्याल रखा जाता है। ऐसे में किसी भी अप्रत्याशित घटना की स्थिति में पूरा परिवार गंभीर खतरे में पड़ सकता है।
जिले की पुलिस की तरफ से समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई की जा रही है, इसके बावजूद लोगों में जागरूकता की कमी साफ दिखाई दे रही है। यातायात नियमों की अनदेखी के कारण जिले में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। बृहस्पतिवार को शहर के जीआईसी कॉलेज के समीप एक युवक एक बाइक पर बिना हेलमेट लगाए दो बच्चों और एक महिला को बैठाकर जा रहा था। इसके अलावा दूसरा युवक भी एक बाइक पर तीन बच्चों को बैठाकर जाते हुए दिखा।
यातायात सीओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि हेलमेट पहनना केवल नियम नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का उपाय है। यदि लोग स्वयं जागरूक नहीं होंगे तो दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का पालन करें। इसके बावजूद लोग सुधरने को तैयार नहीं है।