भागलपुर। थाना क्षेत्र के जिरासो पेट्रोल पंप के पास रविवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने स्थिति गंभीर देख मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर-पिंडी मार्ग पर स्थित जिरासो पेट्रोल पंप के पास रविवार की दोपहर में खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम चौभरिया निवासी प्रेमचंद्र पांडेय अपने भाई के साथ बाइक से पिंडी जा रहे थे। दूसरी तरफ से बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के तुर्तीपार गांव निवासी विनय साहनी पुत्र राजकुमार साहनी और आकाश साहनी पुत्र धुरंधर और खुखुंदू थाना क्षेत्र के बकुची मिश्र गांव निवासी परमहंस विश्वकर्मा पुत्र विश्वामित्र एक ही बाइक से रेवली से भागलपुर आ रहे थे। जिरासो पेट्रोल पंप के पास दोनों बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। बाइक सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और भागलपुर चौकी पुलिस को सुचित किए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचाया। वहां डॉ. ममता ने पांचों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज देवरिया रेफर कर दिया। एसओ मईल राकेश सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।