रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने एक के बाद एक दो गांवों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। अज्ञात चोरों ने मिश्रौली कुर्मी टोला और चकरवा टोला में कुल पांच घरों को निशाना बनाया।
इसमें नकदी, जेवरात और मोबाइल की चोरी की गई। ग्रामीणों की सतर्कता से एक चोर को रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सभा मिश्रौली कुर्मी टोला में शनिवार रात करीब 12 बजे बुटन पटेल पुत्र शुंभ पटेल एवं राजू पटेल पुत्र विश्वनाथ पटेल के घरों में चोरी हुई। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और पेटी तोड़कर दो मोबाइल, जेवरात, मंगलसूत्र एवं तीन हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी रात करीब एक बजे महिलाओं के जागने पर हुई। पेटी गायब देख शोर मचाया गया, जिस पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि करीब एक किलोमीटर दूर चकरवा टोला (प्रेम राय) में भी चोरी हो रही है। पुलिस और ग्रामीण जब वहां पहुंचे तो पता चला कि बाबूलाल शाह, मुन्ना यादव और शिवजी यादव के घरों में चोरी की जा चुकी है।
तलाशी के दौरान एक चोर शिवजी यादव के घर में चौकी के नीचे छिपा हुआ मिला, जिसे ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया गया। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार चोर को पुलिस थाने ले गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष श्रीरामपुर डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि एक चोर पहले मिश्रौली कुर्मी टोला में चोरी करने के बाद दूसरे गांव में भी वारदात को अंजाम दे रहा था। ग्रामीणों के जाग जाने पर उसे पकड़ लिया गया है। थाने लाकर उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य चोरों की तलाश जारी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
।