रामलक्षन क्षेत्र के बेलकुंडा में बारिश से गिरा टीनशेड और पिड़री गांव में गिरा खपरैल का मकान।
- फोटो : अमर उजाला
एकौना/रामलक्षन। पांच दिनों से हो रही बारिश से नदियों के जलस्तर में बृहस्पतिवार को भी बढ़ोतरी रही। वहीं क्षेत्र के दो गांवों में बारिश से दो मकान ढह गए। इससे गरीब परिवार के सामने बरसात में सुरक्षित रहना मुश्किल हो गया है। गुरुवार की शात गोर्रा नदी 68.45 मीटर और राप्ती नदी 68.10 मीटर पर बह रही थी।
नदियों के जलस्तर को बढ़ता देख प्रशासन ने बंधों पर चौकसी बढ़ा दी है। क्षेत्र के बेलकुंडा गांव में मनबोध प्रसाद का परिवार दीवार पर टीनशेड डालकर गुजर बसर करता था। सुबह छह बजे बारिश के दौरान उसकी टीनशेड का मकान भरभरा कर ढह गया।
हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। पिड़री के जिनिहवा गांव में प्रमोद पासवान की खपरैल की मकान दीवार समेत धंस गई। जिससे परिवार के घर गृहस्थी का सामान नुकसान हो गया। मौके पर पहुंच कर तहसील प्रशासन ने क्षति का जायजा लिया।