बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सिकौथा गांव में शनिवार रात करीब नौ बजे तेज आंधी से बिजली के तार आपस में टकरा गए। इससे हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। इस घटना में गांव के तीन किसानों की लगभग पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
शनिवार रात अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी चलने लगी। इसी बीच बिजली के ढीले तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी सीधे गेहूं के खेत में जा गिरी। देखते ही देखते आग तेजी से फैलती चली गई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते और आग पर काबू पाने की कोशिश करते, तब तक अंचल धर की दो बीघा, रामदास की दो और कल्लू की एक बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित किसानों ने बताया कि साल भर की मेहनत आंखों के सामने स्वाहा हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में लेखपाल पवन वर्मा ने बताया कि जानकारी मिली है मौके पर जांचकर रिपोर्ट भेजेंगे।