तरकुलवा। पथरदेवा नगर पंचायत के मोहल्ला फरेंदहा में बृहस्पतिवार देर शाम दो परिवारों के बीच जमीन संबंधी विवाद में एक महिला की फावड़े से मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने शनिवार को इस मामले में अभियुक्त पति-पत्नी और उसकी तीन बेटियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने शनिवार को सभी हत्यारोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के पथरदेवा नगर पंचायत के वार्ड-12 फरेंदहा निवासी नरसिंह यादव और बाबूलाल यादव सगे भाई हैं। इनके बीच काफी समय से जमीन विवाद चल रहा था। इस मामले में बृहस्पतिवार देर शाम को दोनों पक्षों में कहासुनी हुई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। जिसमें बाबूलाल और उनके परिवार के सदस्यों ने फावड़ा, लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला बोल दिए। इस दौरान बीच बचाव करने गई नरसिंह यादव की बड़ी बहू सीमा देवी (33) के सिर पर बाबूलाल ने फावड़े से प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो कर जमीन पर गिर पड़ी और उनकी मौत हो गई। इस घटना में नरसिंह यादव को भी गंभीर चोटें आईं। उनका इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में चल रहा है। इस मामले में नरसिंह यादव की पत्नी सुगंती देवी की तहरीर पर पुलिस ने बाबूलाल यादव, उनकी पत्नी हीरमती देवी और बेटियां अनिता, गूंजा व रानी पर प्राथमिकी दर्ज की थी।
शनिवार को पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।