फिट इंडिया स्कूल क्विज की तैयारी शुरू
विद्यार्थियों को देना होगा शुल्क, विद्यालय करा सकेंगे निशुल्क पंजीकरण
अधिक से अधिक पंजीकरण हों, इसके लिए अधिकारी लगातार कर रहे निगरानी
माध्यमिक विद्यालयों को किया जा रहा प्रेरित, जिले को मिला है 366 विद्यालयों के पंजीकरण का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। फिट इंडिया स्कूल क्विज में माध्यमिक विद्यालयों एवं विद्यार्थियों की प्रतिभागिता व ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया अधिकारियों के सख्त रवैए के बाद अब जिले में तेजी से हो रही है। हर विद्यालय से कम से कम तीन विद्यार्थियों का पंजीकरण हो, इसके लिए व्यवस्था की जा रही है। पंजीकरण के लिए प्रति छात्र 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, विद्यालयों का पंजीकरण निशुल्क होगा।
भारतीय खेल प्राधिकरण एवं फिट इंडिया मिशन के तहत फिट इंडिया स्कूली क्विज 2022 के दूसरे संस्करण में अधिक से अधिक विद्यालयों की प्रतिभागिता होनी है। जिले का लक्ष्य 366 विद्यालयों का है। जबकि अभी निर्धारित लक्ष्य को पाने के लिए माध्यमिक शिक्षा से जुड़े अधिकारी, स्कूलों के प्रधानाचार्य अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं। कितने विद्यालयों या छात्र-छात्राओं का अभी तक तक पंजीकरण हुआ है, इस बारे में अभी जनपद स्तर के अधिकारी कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने बृहस्पतिवार को बताया कि फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त व वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस योजना अंतर्गत ऑनलाइन पंजीकरण कराने को कहा गया है। विद्यालय वाले इसमें लगे भी हुए हैं।
जनपद में कितने विद्यालयों में अभी तक पंजीकरण कराया है, पोर्टल से अभी यह पता नहीं चल पा रहा है। विद्यालयों का पंजीकरण बिना किसी शुल्क के हो रहा है, वहीं, प्रति विद्यार्थी का पंजीकरण शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है, जो ऑनलाइन ही भुगतान करना होगा।
प्रत्येक विद्यालय को अपने यहां के कम से कम तीन विद्यार्थियों का पंजीकरण कराते हुए ऑनलाइन जनरेट पीडीएफ प्रमाण पत्र कार्यालय में जमा करना है। इस कार्य में लापरवाही किसी भी हाल में क्षम्य नहीं मानी जाएगी।