भटनी। भतीजे के तिलक समारोह में राइफल से हर्ष फायरिंग करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
फायरिंग का वीडियो और स्टेट्स सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार की देर रात पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। क्षेत्रवासी प्रतिबंध के बावजूद हर्ष फायरिंग करने पर पुलिस की कार्रवाई को सही बताया है।
जानकारी के अनुसार, भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में ग्राम प्रधान के घर 28 अप्रैल को तिलक समारोह आयोजित था। रात में भतीजे की तिलक चढ़ने के दौरान परिवार का एक सदस्य इस पर खुशी का इजहार करते हुए हर्ष फायरिंग करने लगा। किसी ने इसका वीडियो बना लिया।
अगले दिन परिवार का ही एक सदस्य इसे भोजपुरी के गाने के साथ सोशल मीडिया पर स्टेट्स लगाया। अचानक उसका स्टेट्स क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
चर्चा है कि वायरल वीडियो को लेकर किसी ने इसे पुलिस के उच्चाधिकारियों के पास भेज दिया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने रविवार को आरोपी के घर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी राममनु यादव पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि हर्ष फायरिंग पर रोक के बावजूद भटनी के नोनापार में तिलक समारोह में राइफल से हर्ष फायरिंग की शिकायत मिली थी। जांच में मामला सही मिलने पर आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।