-55 लाख के नुकसान का अनुमान, राघव नगर मोहल्ले में स्टेट बैंक के पास है एचपी लैपटॉप का शोरूम
- दमकल की चार गाड़ियों ने दो घंटे के परिश्रम के बाद आग पर पाया काबू, रविवार होने के चलते बंद था शोरूम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। राघव नगर मोहल्ले में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पास रविवार की दोपहर बाद एचपी कंप्यूटर व लैपटॉप के शोरूम में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों ने सूचना दुकानदार और फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ी मौके पर पहुंची और दो घंटे में आग पर काबू पाई। दुकानदार के अनुसार सारा लैपटॉप और फर्नीचर जलकर राख हो गया है। आग में लगभग 55 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के भुजौली काॅलोनी निवासी आशुतोष सिंह पुत्र सुयस सिंह ने शहर के राघव नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पास एक मकान में दुकान किराए पर लेकर कंप्यूटर और लैपटॉप का शोरूरुम खोला है। एक वर्ष पूर्व उन्होंने एचपी लैपटॉप का शोरूम बनवाया था। दुकान से लैटटॉप, कंप्यूटर, प्रिंटर समेत अन्य समान बेचा जाता था। आशुतोष शनिवार की देर शाम को दुकान बंद कर घर चले गए। रविवार होने के चलते दुकान नहीं खुली। दोपहर बाद 2.30 बजे के लगभग शोरूम में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई।
दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोग सकते में आ गए। पड़ोसी दुकानदार शोर मचाने लगे। देखते ही देखते दुकान के आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पड़ोसी दुकानदार ने आग लगने के बारे में दुकानदार को सूचना दी। दुकानदार मौके पर पहुंचे दुकान से आग की लपटें देख दंग रह गए। लोगों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड टीम को दी।
शोरूम का ताला तोड़ दो घंटे बाद आग पर पाया काबू
फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास करने लगी। आग देख कर फायरकर्मी ने अन्य गाड़ियों को बुला लिया। देखते ही देखते चार गाड़ियां पहुंच गईं। दमकल कर्मी दुकान के आगे का ताला तोड़कर आग बुझाने लगे। लगभग दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
-
दुकान में रखा नया और पुराना लैपटॉप जला
लैपटॉप के शोरूम में रखा नया और पुराना लैपटॉप जलकर राख हो गया। दुकान के अंदर जले समान को देख घटना का अनुमान लगाया जा सकता है। दुकान में कुछ भी नहीं बचा था। दुकानदार आशुतोष सिंह ने बताया कि रविवार होने के चलते दुकान बंद थी। दुकान में शाॅर्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान है। आग कैसे लगी है, इस बारे में वायर की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। दुकान में रखा सारा सामान और फर्नीचर जल गया है। आग से दुकान में रखे सामानों की कीमत लगभग 55 लाख रुपये थी।
-
रविवार होने के चलते आग पर काबू पाने में हुई सहूलियत
रविवार होने के चलते कई दुकानें बंद थीं। पास स्थित स्कूल व दो बैंक भी बंद थे। आग की घटना के बाद जिस तरह फायर की बड़ी व छोटी गाड़ियां मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया, अगर अन्य कोई दिन होता तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता। शहर को व्यस्ततम मार्ग होने के चलते सुबह से शाम तक इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही लगी रहती है।