- खुखुंदू चौराहे की घटना, पुलिस मौजूदगी में भी होती रही युवकों की पिटाई
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। स्थानीय चौराहे पर दो युवकों को बंधक बनाकर वाहन लिफ्टर बता जमकर पिटाई करने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। हमलावरों ने पुलिस मौजूदगी में भी युवकों की जमकर पिटाई की और पुलिस तमाशबीन बनी रही। सबसे खास बात यह है कि जिन युवकों को वाहन लिफ्टर बता हमलावरों ने पिटाई की उन्हीं को पुलिस ने क्लीन चीट भी दे दिया। आखिर फिर किस कसूर को लेकर युवकों को सजा मिली।
खुखुंदू चौराहे पर दो दिन पूर्व देर शाम को स्थानीय क्षेत्र के दो युवकों को बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने बंधक बनाकर उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस बीच जो भी बीच-बचाव करने जाता था उसे गालियां सुनने को मिलती थी। हमलावर वाहन लिफ्टर बता बेतरतीब पिटाई करते हैं, जिससे युवक मुंह से खून निकलने पर भी हमलावरों ने पिटाई करना बंद नहीं की है। चौराहे को लोगों ने पिटाई करने का विरोध किया। मगर हमलावर किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। जब लगा युवकों की जान चली जाएगी, तब लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर थानेदार समेत अन्य फोर्स की मौजूदगी में भी हमलावर युवकों को बेधड़क होकर मारते-पीटते रहे। उधर, खुखुंदू पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने चली गई और सदर कोतवाली पुलिस को मौके पर बुलाकर सुपुर्द कर दिया। कोतवाल दिलीप सिंह ने बताया कि पिटाई में घायल दोनों युवक बेकसूर थे। जांच पड़ताल में उनके द्वारा चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिर युवकों को मारने वाले के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। युवकों को बरी होने के बाद अब खुखुंदू पुलिस पर तमाम सवाल खड़ा हो रहा है।
सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि अगर ऐसी बात है तो जांच कराकर हमलावरों पर केस दर्ज किया जाएगा।