देवरिया। शहर में शनिवार की शाम करीब सात बजे शुभ निवेश इन्वेस्टमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में आग लग गई। आग से कार्यालय में रखे कंप्यूटर, टीवी, तीन एसी, मेज और अन्य सामान जल गए। दीवारों और फर्श को भी नुकसान पहुंचा है।
सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फर्म के संस्थापक ने कार्यालय में छूटे जलते दीये को चूहे के गिराने से आग लगने की आशंका जताई है।
फर्म के संस्थापक अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यालय में म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार से जुड़े निवेश का काम होता है। दिवाली के कारण दोपहर में कर्मचारियों को जल्दी छुट्टी दे दी गई थी। कार्यालय में पूजा के लिए जलाया गया दीया छूट गया था।
आशंका है कि कार्यालय में चूहे ने जलता हुआ दीया गिरा दिया होगा। इससे आग लग गई होगी। हालांकि, आग लगने के सही कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि आग से कार्यालय के कंप्यूटर सिस्टम, टीवी, तीनों एसी, फर्नीचर व अन्य सामान जल गए।
हालांकि, कर्मचारी अपने लैपटॉप साथ लेकर चले गए थे। इससे वे सुरक्षित बच गए। कंपनी का अधिकतर काम सर्वर पर सुरक्षित रहता है। ऐसे में निवेश से संबंधित डाटा दोबारा प्राप्त किया जा सकेगा।
कार्यालय में नए सिस्टम लगाने और कामकाज सामान्य करने में कुछ समय लगेगा। अमित ने बताया कि आग लगने के समय कार्यालय में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। भवन में नीचे एचडीएफसी लाइफ का कार्यालय भी है। राहत की बात यह रही कि आग दूसरे कार्यालयों तक नहीं फैली। इससे बड़ा हादसा टल गया। भवन भी सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सकती है मगर किसी शख्स की जान को नुकसान पहुंचता तो भरपाई संभव नहीं थी। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने बताया कि निवेश फर्म में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड ने आग बुझा दी है।