पैकौली। पुलिस अधिकारी बताकर मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर युवती से करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और नकदी ठगने के आरोप में पीड़ित परिवार की तहरीर पर देवरिया साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुरौली थाना क्षेत्र के अगया गांव निवासी किशुन बहादुर गुप्ता ने एसपी को तहरीर देकर बताया था अप्रैल 2026 के प्रथम सप्ताह में बेटी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी।
कॉल करने वाले ने अपने को पुलिस अधिकारी बताते हुए परिवार को आपराधिक मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इससे बचने के लिए स्कैनर पर रुपये भेजने का दबाव बनाया।
आरोप है कि डर के कारण युवती ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात निकालकर देवरिया शहर की विभिन्न आभूषण दुकानों पर करीब 40 लाख रुपये में बेचे दिए। मिली रकम को आरोपी के बताए स्कैनर पर भेजती रही। बाद में घर से जेवरात गायब होने पर परिजन को ठगी की जानकारी हुई।