मईल। थाना क्षेत्र के मईल गांव में खेत के बंटवारे के विवाद में पुलिस ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हमला समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, मईल गांव निवासी किशुन बुझारत चौधरी और राकेश चौधरी के बीच खेत के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
पीड़ित पक्ष के चेतन चौधरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि थाना के निर्देश पर खेत की जोताई कराने के बाद वह अपने पिता और माता के साथ मईल चौराहे पर राजू यादव की दुकान पर विश्राम कर रहा था। इसी दौरान राकेश चौधरी, विजय चौधरी, सुनील उर्फ डाइवर देवढ़ी, सुरेंद्र प्रसाद तथा अभिषेक पांडेय सहित कुछ अज्ञात लोग धारदार हथियार, ईंट और डंडे लेकर पहुंचे और हमला कर दिया।
आरोप है कि हमले में उनके पिता किशुन बुझारत चौधरी गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए, जबकि उन्हें और उनकी माता को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।