तरकुलवा। थाना क्षेत्र के एक गांव में छात्रा को स्कूल और ट्यूशन आते-जाते समय परेशान करने और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गांव निवासी आरोपी योगेंद्र पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव का युवक आए दिन स्कूल और ट्यूशन आते-जाते समय गांव के बाहर खड़ा होकर अश्लील गाने गाता और फब्तियां कसता था। आरोप है कि 18 अक्तूबर की रात छात्रा घर के बाहर बने शौचालय में गई थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंच गया। छात्रा की बहन ने उसे देखा और घरवालों को इसकी जानकारी दी। इस पर आरोपी मौके से भाग निकला।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।