देसही देवरिया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी सत्यप्रकाश चौहान के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हमले में घायल प्रेमिका का भाई गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहा है। उसे दूसरे दिन भी होश नहीं आया। गांव के लोगों ने चंदा जुटाकर इलाज के लिए आर्थिक मदद भेजी है।
आरोपी सत्यप्रकाश चौहान (29) का करीब दो साल पहले इंस्ट्राग्राम पर रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के एक गांव की युवती से प्रेम संबंध हो गया था। दोनों का अक्सर मिलना-जुलना शुरू हो गया।
कुछ दिन से प्रेमिका ने फोन पर प्रेमी से बात करना बंद कर दिया। इससे परेशान प्रेमी बार-बार फोन करने लगा। प्रेमिका ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इस पर प्रेमी रविवार की शाम को मिलने के लिए प्रेमिका के गांव पहुंचा।
दरवाजे पर उसे देखकर प्रेमिका घर के अंदर चली गई। प्रेमी मिलने की जिद कर दरवाजे पर हंगामा करने लगा। इस पर प्रेमिका के छोटे भाई ने विरोध कर भगाने का प्रयास किया तो दोनों में बहस हो गई।
आरोप है कि सत्यप्रकाश ने फावड़े से प्रेमिका के भाई पर कई बार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था
रामपुर कारखाना के अश्वनी प्रधान ने बताया कि आजमगढ़ जिले के गोपालपुर निवासी सत्य प्रकाश चौहान का थानाक्षेत्र के एक युवती से करीब दो साल पहले इंस्ट्राग्राम पर प्रेम हो गया था।