खुखुंदू। सठियांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर आबकारी और खुखुंदू पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को छापा मारा। इस दौरान टीम ने 75 लीटर कच्ची शराब और बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने के उपकरण बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। टीम ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मालिक और मुंशी भाग गए।
पुलिस ने आबकारी निरीक्षक सदर सुधीर कुमार सिंह की शिकायत पर भट्ठा मालिक और मुंशी समेत पांच पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की इस कार्रवाई सेअन्य ईंट भट्ठा मालिकों में हड़कंप मचा है।
आबकारी निरीक्षक सदर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि खुखुंदू क्षेत्र के सठियांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर कच्ची शराब बनाने की सूचना मिली थी। इसके बाद आबकारी टीम और इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे। वहां 75 लीटर कच्ची शराब और बड़ी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद किया गया।
कच्ची शराब के साथ प्रतापगढ़ जिले के ग्राम मथुरा का पुरवा थाना बघराया निवासी मोहम्मद स्माइल और ग्राम भाव थाना बघराया निवासी जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया। मौके से भट्ठा मालिक, उनके पार्टनर और मुंशी भाग निकले। खुखुंदू थाने में गिरफ्तार दोनों आरोपियों, भट्ठा मालिक दीनदयाल कुशवाहा निवासी सठियांव, पार्टनर नृपेन त्रिपाठी निवासी पिपरा शुक्ल और मुंशी संजय पता अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।