तरकुलवा। जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर सड़क की पटरी से अतिक्रमण हटाने के लिए कहने गई नगर पंचायत प्रशासन की टीम के साथ गए एक श्रमिक के साथ थाना रोड पर कुछ लोगों ने मारपीट की धमकी दी और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को 11 व्यावसायियों पर एससी-एससी एक्ट समेत मारपीट की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच पंडित दीनदयाल नगर के रहने वाले मार्कण्डेय कुमार गोंड़ ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि 24 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे वह अधिशासी अधिकारी हिमांशु प्रताप सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत के अन्य कर्मचारियों के साथ जन्माष्टमी मेले को देखते हुए कस्बे की मुख्य सड़क और थाना रोड पर किए गए अतिक्रमण को हटा लेने की बात कहने गए थे।
आरोप है कि इस दौरान कुछ व्यापारी उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जानमाल की धमकी देने लगे। अधिकारियों के निर्देश पर वह उक्त घटना का अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगा।
इससे नाराज होकर आरोपी उन्हें पकड़ कर अपनी दुकान में खींच ले गए और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी व्यवसायी महेश, पप्पू, खजांची, राहुल, अभिषेक जायसवाल, नीरज, रवि समेत 11 व्यवसायियों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सात नामजद और चार अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।