सात अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस कर रही पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुरानी रंजिश को लेकर अहमद नगर मोहल्ला निवासी युवक की पिटाई व चाकूबाजी मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर व सभासद सहित 11 लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने सात अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शहर के अहमद नगर मोहल्ले के रहने वाले मो. इमरान अंसारी पुत्र मो. रमजान अंसारी ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया है कि 30 मई की रात मेरा भाई गुफरान दरवाजे पर बैठा था। इसी बीच पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोग दरवाजे पर आ धमके और गाली-गलौज करते हुए गुफरान पर हमलावर हो गए। चाकू, रॉड, ईंट व लाठी से मारने-पीटने लगे। इससे गुफरान घायल हो गया।
इस मामले में पुलिस ने आमिर फारुकी, शाद फारुकी पुत्र गण फैजान अहमद उर्फ लाडले, फैजान अहमद, फरहान अहमद पुत्रगण नसीम अहमद व सभासद तसलीम मलिक पुत्र मो. कलीम, वसीम उर्फ चिन्टू, पिन्टू पुत्रगण अज्ञात, भोलू चौरसिया पुत्र राजेश चौरसिया, सैफ खान पुत्र खालिद, इमरान शाह पुत्र आजम शाह, फैजान उर्फ लाडले पुत्र अज्ञात मोहल्ला अबुबकर नगर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
वहीं, पुलिस ने सात अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नामजद एक आरोपी फैजान अहमद पुत्र नसीम को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों में एक आमिर फारुकी हिस्ट्रीशीटर भी रहा है। वहीं, एक तसलीम मलिक वर्तमान सभासद भी है।
कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज देगी।