देवरिया। शहर के चकिया चौराहे पर बालू लेकर पहुंचे ट्रक चालक पर स्कूटी और बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
खुखुन्दू थाना क्षेत्र के गुलरहवा टोला निवासी विक्रम कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सात फरवरी की शाम करीब 3:30 बजे मालिक का ट्रक लेकर चकिया चौराहे पर बालू खाली करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान स्कूटी और बाइक से आए आयुष कुमार, राहुल कुमार व कुछ अज्ञात युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार से आंख के ऊपर वार कर दिया तथा लोहे की रॉड से हमला कर दाहिना हाथ तोड़ दिया। शोर होने पर भीड़ जुटने लगी, जिस पर आरोपी मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने ट्रक का शीशा भी तोड़ दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शहर के साकेतनगर पूर्वी वार्ड निवासी आयुष कुमार, राहुल कुमार व कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।