तरकुलवा। आरटीआई कार्यकर्ता पर थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य से रंगदारी वसूलने और जानमाल की धमकी देने का आरोप है। प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पर रंगदारी वसूलने सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के दुर्गा जी इंटर कॉलेज सोहनरिया के प्रधानाचार्य सत्यनारायण सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वे अप्रैल 2025 से प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि इस बीच सितंबर माह में नगर पंचायत तरकुलवा के पखन टोला निवासी धर्मराज यादव ने उनको बुलाकर कहा कि इसके पहले के सारे प्रधानाचार्य उन्हें रंगदारी देते थे, तुम्हें भी देना पड़ेगा। इस बीच छह अक्टूबर 2025 को उनके द्वारा भेजा हुआ आरटीआई का पत्र मिला तो वे भयभीत हो गए। 15 अगस्त को धर्मराज यादव मुझसे दस हजार रुपये मांगने लगा। आरोप है कि इस बीच वह उनके भतीजे से 3000 रुपये नकद और 2000 रुपये फोन पे के जरिए लिए। इसके बाद वे फिर उनसे 5000 रुपये की मांग करने लगा। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया है कि उनके उत्पीड़न से क्षेत्र के डॉक्टर, अध्यापक और हर वर्ग के लोग परेशान हैं। पुलिस ने इस मामले में प्रधानाचार्य की शिकायत पर आरोपी धर्मराज यादव के खिलाफ रंगदारी समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रंगदारी और जान से मारने की धमकी की एफआईआर दर्ज की गई है। पहले से ही उस पर कई प्राथमिकी दर्ज है। बहुत जल्द गिरफ्तार कर उसको जेल भेज दिया जाएगा।