तरकुलवा। थाना क्षेत्र के ग्राम मदारिया की एक विवाहिता को दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर घर से निकालने के मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, सास-ससुर समेत नौ लोगों पर दहेज उत्पीड़न व मारपीट में प्राथमिकी दर्ज की है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मटिया मुसहरी गांव के रहने वाले अन्नू दुबे की शादी तरकुलवा थाना क्षेत्र के मदरिया गांव निवासी विकास दुबे से छह माह पूर्व हुई थी। विदाई के समय सब कुछ ठीक-ठाक था। आरोप है कि विवाहिता के ससुराल पहुंचने के कुछ दिन बाद ससुराल वालों ने दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे, दहेज की रकम नहीं देने पर मारपीट कर घर से भगा दिया।
पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर विकास, काजू, सुधा समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट का मुकदमा दर्ज है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। संवाद