बखरा (देवरिया)। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर कस्बे में स्थित होटल शिवाय में पुलिस की छापामारी के दौरान हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बुधवार को दो होटल संचालक समेत 10 लोगों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया। बाद में सभी को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस होटल शिवाय को सील कर मामले की जांच कर रही है।
गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग के बैतालपुर कस्बे में स्थित होटल शिवाय में लंबे अरसे से अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव एवं नायब तहसीलदार गंगाराम के निर्देश पर सुरौली, गौरी बाजार तथा महिला थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने छापामारी कर सात जोड़ों को हिरासत में लिया था।
पुलिस ने थाने लाकर पकड़े गए लोगों से गहन पूछताछ के बाद होटल संचालक सहित 10 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने होटल संचालक दुर्गेश कुमार पुत्र हरपाल सिंह बुलंदशहर एवं केशव कुमार पुत्र महेश पाल सिंह रसीदपुर धूरना अलीगढ़ तथा युवकों युवतियों में अखिलेश पुत्र राजकुमार उधोपुर, गौरी बाजार, संतोष कुमार पुत्र श्यामदेव, निवासी ठाकुर गौरी सलेमपुर, शिवसागर पुत्र महेश चौहान पटेहरा, मोतीपुर बहराइच, वेद प्रकाश मिश्रा पुत्र सत्येंद्र मिश्रा, बड़की चकलाल लार देवरिया के साथ पकड़ी गई चार युवतियों पर प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।