बघौचघाट। विकास खंड पथरदेवा क्षेत्र के मलसी खास एवं हारफोड़ा में सोमवार की रात माह-ए-मुबारक रमजान की 27वीं शब-ए-कद्र के पवित्र अवसर पर गांव की मस्जिद में कुरआन शरीफ का मुकम्मल पाठ (खत्म-ए-कुरआन) कराया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में नमाजियों और रोजेदारों ने मस्जिद में इकट्ठा होकर इबादत की और अल्लाह से अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने मस्जिद के इमाम साहब से मुलाकात कर उन्हें मुबारकबाद दी। नमाज और दुआ के बाद देश और समाज की तरक्की, आपसी भाईचारे और सुख-शांति के लिए विशेष दुआ की गई। इस पवित्र रात को लेकर गांव में धार्मिक माहौल देखने को मिला और लोगों ने पूरी अकीदत के साथ इबादत की।
इस अवसर पर मोहम्मद फतेह ने बताया कि शब-ए-कद्र की रात इस्लाम धर्म में बेहद खास मानी जाती है। इस रात की गई इबादत हजार महीनों की इबादत से बेहतर बताई गई है। इसलिए लोग पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ अल्लाह की इबादत करते हैं।
कार्यक्रम में गांव के कई गणमान्य लोग और नमाजी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर देश में शांति, भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी।