देवरिया के मईल थाना इलाके के लार रोड कस्बे में शनिवार की देर रात फोन पर गाली देने को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें ग्राम प्रधान सहित 12 लोग घायल हो गए। इस दौरान दो बाइक भी फूंक दी गईं। दहशत से दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए।
रविवार को पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी। मईल थाना इलाके के कुंडौली गांव में कुछ लोगों और लार रोड कस्बे के लोगों के बीच फोन पर अपशब्द बोलने को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर मारपीट होने लगी। मारपीट में कुंडौली गांव के प्रधान अतुल सिंह, अनूप सिंह, हरिकेश बहादुर सिंह, विवेक सिंह, गोलू सिंह, भुवर सिंह, सिंकू सिंह, अर्जुन राजभर, यशवंत सिंह और लार रोड कस्बा के धनजी सिंह, गुड़िया गुप्ता, पीयूष सिंह, अंकुश गुप्ता, बंटी गुप्ता घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए सीएचसी लार ले जाया गया। जहां से स्थिति गंभीर देख कुछ लोगों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने दो बाइक भी फूंक दी। सूचना पर पहुंची मईल पुलिस ने मामले की छानबीन की। सीओ बरहज अंशुमन ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट हुई है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिय गया है।