बुजुर्ग से धोखे से जमीन लिखवाया
- फोटो : अमर उजाला
सेमरौना गांव के 80 साल के एक बुजुर्ग को झांसे में लेकर कुछ लोगों ने उसके जमीन का बैनामा करा लिया। इस बात की जानकारी होने पर उसके बेटे को दिल का दौरा पड़ गया। वह बेहोश हो गया। रविवार को तबीयत बिगड़ने पर गांव वाले अस्पताल ले गए जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गुस्साए गांव वालों ने थाने पर पहुंचकर धोखा देकर जमीन बैनामा कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सेमरौना गांव के रहने वाले बृजराज 80 वर्ष का सेमरौना चौराहे से नकइल मार्ग पर 15 कट्ठा जमीन है। वह चौराहे पर रोज चाय पीने आते हैं। बृजराज बैंक से एक लाख कर्जा लिए है। चौराहे पर उनसे रोज मिलने वाले कुछ जालसाजों ने उन्हें झांसे में लेकर लोन माफ कराने बहाने उनकी जमीन का बैनामा करा लिया। पुलिस को तहरीर देकर बृजराज ने बताया कि कुछ दिन पहले उन लोगों ने उन्हें अपने घर बुलाकर खाना खिलाया और दिन भर अपने साथ घुमाया। उन लोगों ने उनके बैंक का कर्जा माफ करा देने के लिए एक आफिस में ले जाकर अंगूठे का निशान ले लिया। उन्होंने घटना के 15 दिन बाद अपने घर वालों को यह बात बताई। शनिवार को घर के लोगों ने तहकीकात किया तो चौराहे की कीमती जमीन का दो लोगों के नाम से रजिस्ट्री हो चुकी है। इस बात की जानकारी जब बृजराज के बेटे झिनक को हुई तो वह बेहोश होकर गिर पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार उसे दिल का दौरा पड़ रह रहा है। चिकित्सकों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गांव वालों को जब बुजुर्ग के साथ धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो पूरा गांव कोतवाली में उमड़ पड़ा। गांव के लोगों ने धोखे से जमीन बैनामा कराने वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की हैं। इस बाबत एसएसआई भरत राय ने कहा कि मामले की जांच कर न्यायोचित कार्रवाई होगी।