रामपुरगढ़। क्षेत्र के महुआपाटन, भीसवा, मुंडेरा, बसंतपुर तथा रामपुर गढ़ समेत आसपास के गांवों में बुधवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आने लगीं।
अचानक हुई इस हल्की बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरने का काम किया है। किसानों का कहना है कि यदि अगले एक-दो दिनों में मौसम साफ नहीं हुआ, तो गेहूं की कटाई में भारी दिक्कतें आ सकती हैं। खेतों में नमी बढ़ने से फसल काटना मुश्किल हो जाएगा और भूसा भी सही तरीके से नहीं बन पाएगा।
स्थानीय किसान गुड्डू राव, उमेश यादव, राकेश राव का कहना है कि बारिश में ओलावृष्टि न होने से अभी राहत है। वरना खड़ी फसल को भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल हल्की बारिश से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लगातार मौसम खराब रहने की आशंका किसानों को परेशान कर रही है।
मौसम में आए इस बदलाव से ठंडक भी बढ़ गई है, जिससे जनजीवन पर भी हल्का असर पड़ा है। किसानों ने प्रशासन और मौसम विभाग से सटीक जानकारी और पूर्वानुमान देने की मांग की है, ताकि वे समय रहते अपनी फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठा सकें। यदि जल्द ही मौसम में सुधार नहीं हुआ, तो क्षेत्र के किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।