खेत में बर्बाद फसल देखकर रो पड़े किसान
दलहन, तिलहन की फसलें हो गईं चौपट
संवाद न्यूज एजेंसी।
देवरिया/रुद्रपुर/एकौना। पूरे जनपद में सोमवार की रात तेज हवाओं के साथ हुई बेमौसम बारिश से जहां जलभराव व सड़कों पर कीचड़ फैल गया है, वहीं खेतों में खड़ी गेहूं की फसल भी बर्बाद हो गई है। गेहूं की फसल पूरी तरह से गिर गई। जिले में सबसे अधिक प्रभावित रुद्रपुर, बरहज और सदर तहसील क्षेत्र के किसान हुए हैं। बारिश से चौपट हो चुकी दलहन और तिलहन की फसल देखकर खेतों में किसान रो पड़े। दो दिन से मौसम में बदलाव के बाद बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। किसानों ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है।
रुद्रपुर क्षेत्र में बारिश से नगर के कई मोहल्लों में नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा। सड़कों पर कचरा फैलने से मोहल्लेवासियों की दुश्वारियां बढ़ गईं। उधर, खेतों में फसल गिरने के बाद अब किसानों को गेहूं की बालियां सड़ने, काला पड़ने की आशंका सता रही है। दोआबा के 52 गांवों में अच्छी पैदावार की उम्मीद लगाए किसानों को बारिश से भारी झटका लगा है। दो दिन से रुक-रुक हुई बारिश से कई खेतों में गेहूं की फसल पूरी तरह से गिर गई है। किसानों के अनुसार, खेत में फसल गिरने से पैदावार आधी हो जाएगी। दलहन और तिलहन की फसलों के साथ आलू की खेती को भी बारिश से नुकसान पहुंचा। एकौना, मदनपुर, पकड़ी बाजार और रामलक्षन क्षेत्र के किसानों का बारिश से फसल चौपट हो गई। बरहज क्षेत्र में कपरवार, मदनपुर में किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। पथरदेवा, रामपुर कारखाना, गौरीबाजार, बघौचघाट में भी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। फसल गिरने के बाद किसान अब इस पसोपेश में हैं कि अब अगर दो-तीन दिन और बारिश हो गई तो फसलें पूरी तरह चौपट हो जाएंगी। आधी पैदावार भी उनके हिस्से में नहीं आएगी।
-
बोले किसान
पहले धान बर्बाद हुई, अब गेंहू की बारी
धान की कटाई के समय भी बारिश होने से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई। महंगे दाम पर खाद, बीज खरीद कर गेंहू की बुवाई किए किसानों को बारिश ने तगड़ा झटका दिया है। खेत में गिरी फसल खड़ी भी हुई तो पैदावार आधा ही होगा। -चंद्रभूषण सिंह, किसान, पिड़रा
-
सरसों की फसल को तेज हवा और बारिश से अधिक नुकसान हुआ है। एकाएक मौसम में बदलाव किसानों पर मुसीबत की बारिश है। शासन, प्रशासन बारिश से नुकसान हुई फसलों का सर्वे करा कर समय से किसानों को मुआवजा दे। -नंदू यादव, किसान, पिड़रा
बृहस्पतिवार के बाद साफ होगा मौसम
देवरिया। पिछले दो-तीन दिनों से बारिश के बाद मंगलवार दोपहर तक आसमान साफ हो गया। हालांकि जनपद में अगले दो दिनों में बारिश और तेज हवाओं के चलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बृहस्पतिवार केे बाद मौसम पूरी तरह से साफ होगा। मल्हना स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश और हवाओं के कारण जो फसलें गिर गईं हैं, उनकी पैदावार आधी होने की आशंका है। आने वाले दिनों में अगर फिर बारिश होती है तो इससे किसानों की समस्याएं और बढ़ेंगी। उनकी पूरी की पूरी पूंजी ही पानी से बर्बाद हो जाएगी।