रामपुर कारखाना। गेहूं, सरसों की बुआई के लिए किसानों ने सोमवार को डुमरी स्थित सरकारी बीज गोदाम पर प्रदर्शन किया। गोदाम प्रभारी पर अधिक दाम लेकर गेहूं का बीज बेचने का आरोप लगाया।
विकासखंड रामपुर कारखाना की ग्राम पंचायत में डुमरी में पुराना सरकारी बीज गोदाम है। जहां से किसानों को बीज मिलता है। गेहूं की बुआई जोरों पर चल रही है। किसानों का आरोप है कि गोदाम प्रभारी अक्सर गायब रहते हैं। गोदाम पर आये किसान इंतजार करने के बाद फिर घर को वापस चले जाते हैं। इससे तंग आकर किसानों ने सोमवार को बीज गोदाम पर प्रदर्शन किया।
संबंधित अधिकारियों से गेहूं सहित अन्य फसलों की बुआई के लिए बीज दिलाने की मांग की। किसानों का आरोप था कि 1100 में बीज वितरण किया जा रहा है। रेट बोर्ड भी गोदाम पर नहीं लगा है। प्रदर्शन करने वाले किसानों में किशुनपाली के श्रीप्रकाश पांडे, पोखरभिंडा के केसरी नंदन, गौरा के सत्यदेव गुप्ता, मदरा पाली खास के अफलातून खान, हरपुर रणक्षोर कुटी के दुर्गेश कुमार, हातिमुल्लाह, पकड़ी बुजुर्ग के सुभाष सिंह, भीमपुर के कौशल कुमार, गौरा के भाजपा नेता हर्ष पांडे, मुंडेरा मिश्र की रहने वाली देव रत्ती देवी आदि शामिल रहे।
जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि केंद्र प्रभारी हरेंद्र कुशवाहा की लगातार शिकायत मिल रही है। गोदाम बंद करके प्रभारी अगर गायब हैं तो यह गंभीर प्रकरण है। मोबाइल पर संपर्क कर उनका लोकेशन लेकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।