बिहार बार्डर पर बैनर लगाकर गायब हुई आबकारी टीम
मेहरौनाघाट (देवरिया)। बिहार में चुनाव है। वहां पर शराब बंदी भी है। इसलिए यूपी से चोरी-छिपे शराब बिहार भेजी जा रही है। यूपी-बिहार के बार्डर पर स्थित लार थाना क्षेत्र के मेहरौना चौकी की पुलिस ने हरियाणा से बिहार ले जा रही शराब कई बार पकड़ी।
लार थाना हरियाणा की शराब से भरा पड़ा है। बाद में मेहरौना पुलिस ही कुछ गड़बड़ करने लगी। तस्कर पुलिस की मुट्ठियां गरम कर बिहार में शराब ले जाने लगे। इस बात की जानकारी जब पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र को हुई तो उन्होंने न सिर्फ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की बल्कि साथ में आबकारी विभाग को भी चेकिंग में लगवा दिया। कुछ दिन तो ठीक रहा। इधर, दो दिनों से मेहरौना बार्डर पर केवल आबकारी विभाग का बैनर ही लगा है। टीम वहां से लापता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आबकारी निरीक्षक यहां रहते हैं तो कर्मचारी भी रहते हैं। जब वे नहीं आते तो आबकारी टीम के लोग भी लापता हो जाते हैं। इस संबंध में आबकारी इंस्पेक्टर रवि जायसवाल ने बताया कि दो दिन अति व्यस्तता के कारण मेहरौना बार्डर पर नहीं जा सका। हम खुद वहां रहते हैं। सभी वाहनों की सघन तलाशी पुलिस और आबकारी विभाग मिलकर करती है।
इन रास्तों से हो रही है तस्करी
मुख्य मार्ग छोड़कर गंडक नदी पार करके भी शराब पहुंचाई जा रही है। नदी में पानी कम होने का फायदा तस्कर उठा रहे हैं। यह काम मेहरौना, गढवा, रतनपुरा, परासी व पटनेजी गांव के सामने नदी तट से हो रहा।