देवरिया। कंपार्टमेंट प्रयोगात्मक परीक्षा 11 व 12 जुलाई को राजकीय इंटर कॉलेज में होगी। इस परीक्षा में 1100 से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा-2025 में प्रयोगात्मक विषयों में कम अंक पाए या फेल हुए परीक्षार्थियों के लिए कंपार्टमेंट परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए जिले में केवल केंद्र शहर के जीआईसी को बनाया गया है। डीआईओएस शिवनारायण सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा 11 व 12 जुलाई को जीआईसी में होगी। इसके लिए भौतिक विज्ञान के लिए जीआईसी के गोविंद सिंह, रसायन विज्ञान के लिए बीआरडी इंटर कॉलेज के नंदजी ओझा, जीव विज्ञान के लिए जीआईसी के सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, भूगोल के लिए बीआरडी इंटर कॉलेज के राघवेंद्र पांडेय व गृहविज्ञान के लिए शहर के जीजीआईसी की शांति राय को बोर्ड की ओर से परीक्षक तैनात किया गया है। इन्हीं की देखरेख में दो दिनों तक कंपार्टमेंट प्रयोगात्मक परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद इनकी रिपोर्ट को बोर्ड को भेजा जाएगा।