तरकुलवा। स्थानीय बिजली घर के गोठा गांव में छह दिन बाद बुधवार को भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली निगम उनके साथ भेदभाव कर रहा है। यदि अविलंब आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जिसकी सारी ज़िम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पिछले दिनों तेज आंधी के साथ हुई बारिश के चलते उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई थी। बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद प्रायः उपकेंद्र के सभी गांवों की बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया है। लेकिन छठवें दिन बुधवार को भी गोठा गांव की बिजली आपूर्ति चालू नहीं हुई थी।
इस गांव में एचटी लाइन के तार पर एक पेड़ गिर गया था। जिसे काटकर हटाते समय दो बिजली के खंभे और टूट गए। नतीजन इस गांव की बिजली आपूर्ति बंद है। लोगों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में लोगों के मोबाइल फोन बंद हो गए हैं।
इससे रोजी-रोजगार के लिए बाहर गए लोगों से उनका संपर्क टूट गया है। लोगों ने प्रशासन पर इस गांव में अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी अधिक होने के कारण भेदभाव करने का आरोप लगाया है। संवाद