खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बरवां उपाध्याय गांव में तेज बाइक चलाने को लेकर पीटकर की गई दो लोगों के हत्या के मामले में नौ दिनों बाद भी दो मुख्य हत्यारोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। हालांकि पुलिस दिन-रात चिन्हित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सूत्रों की मानें तो लोकेशन ट्रेस कर जबतक हत्यारों के ठिकानों पर पुलिस पहुंच रही हैं उससे पहले वह वहां से फरार हो जा रहे है। उधर, गांव में अभी भी सुरक्षा के दृष्टिगत बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के बरवां उपाध्याय गांव में नौ दिन पहले बाइक तेज चलाने से मना करने पर गांव के ही हत्यारों ने दिनेश गुप्ता (50) की पीटकर हत्या कर दी थी। जबकि तारकेश्वर गुप्ता (40), राजू गुप्ता,राजन कुशवाहा, अभिषेक गुप्ता, राहुल गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता और विशाल को मारपीट कर घायल कर दिया गया था। गंभीर रूप से घायल तारकेश्वर गुप्ता का भी सात दिनों तक लखनऊ में इलाज चलने के दौरान बुधवार को मौत हो गई थी। मामला सीएम दरबार में पहुंचने के बाद एसपी विक्रांत वीर ने फरार चल रहे मुख्य तीन हत्यारोपियों मुकेश यादव, विशाल यादव और विनय यादव का लुकआउट जारी करा दिया। हालांकि लुकआउट जारी होने के दूसरे दिन मुकेश को पुलिस गिरफ्तार भी कर ली। पुलिस उसको मेडिकल कराने ले जा रही थी कि रास्ते में शौच के बहाने गाड़ी रोकवाकर मुकेश ने पुलिस का पिस्टल छिन फायर झोंक दिया था। पुलिस की जबानी कार्रवाई में मुकेश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने गिरफ्तार राम गणेश यादव, मनीष यादव, मुकेश यादव और अनिल यादव को जेल भेज दी है। जबकि अभी भी विनय और विशाल फरार चल रहे है। एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि लगातार दबिश दी जा रही है। बहुत जल्द दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।