ईटीएस मशीन से मऊ और गोरखपुर जनपदों की सीमा पर लगे पत्थरों का हुआ चिन्हांकन
बरहज (देवरिया)। सरयू नदी पार देवार में भूमाफियाओं द्वारा कब्जे वाली भूमि की 14 सदस्यीय टीम पड़ताल कर रही है। जहां दूरबीन और जीपीएस सिस्टम से पैमाइश कार्य किया जा रहा है। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक टोटल स्टेशन मशीन से मधुबन के नुरुलाहपुर और गोरखपुर के गोला क्षेत्र के ज्ञानकोल गांव की सीमा पर लगे पत्थरों का चिन्हांकन किया।
सोमवार को एसडीएम सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में राजा टोडर मल सर्वेक्षण एवं भूलेख प्रशिक्षण संस्थान हरदोई की तीन और राजस्व की 11 सदस्यीय टीम परसियां-विशुनपुर देवार पहुंची। जहां पूरे दिन चले पैमाइश कार्य में टीम ने कब्जे वाली भूमि के पैमाइश के लिए ईटीएस मशीन के जरिये सीमा पर लगे पत्थरों का अवलोकन किया। सर्वेयर टीम के सहायक निदेशक विजय सिंह, मनोहर लाल, शिवबहादुर, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह आदि ने जिस्तौलिया, नेतवार पट्टी आदि गांवों के बाहर लगे पत्थरों के बारे में जानकारी जुटाई। राजस्व परिषद द्वारा टीम को इलेक्ट्रानिक फार्मूले पर पैमाइश करने का निर्देश मिला है। अत्याधुनिक मशीनों से की जा रही पैमाइश को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही है। टीम में कानूनगो गिरधारी लाल, रामवचन, दिग्विजय नाथ मिश्र, सुकेश तिवारी, चंदन, हीरालाल मधुकर, शमीम अंसारी, योगेंद्र, विमलेंदु आदि शामिल रहे। एसडीएम सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तीसरे दिन पैमाइश कार्य में जुटी टीम ने मऊ और गोरखपुर जनपदों की सीमा पर लगे पत्थरों को चिह्नित किया है।