रामपुर बुजुर्ग। होली के लिए बिहार के तस्कर अभी से स्टॉक जमा करने लगे हैं। हरियाणा से दो लक्जरी कार में रखकर दरभंगा ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप को पुलिस ने धरनी छापर चेक पोस्ट पर पकड़ा है। पकड़ी गई शराब करीब 15 लाख रुपये की बताई जा रही है।
थाना प्रभारी राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार की भोर में धरनी छापर चेकपोस्ट पर सघन तलाशी अभियान चला रखा था। इसी दौरान आई कारों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की लेकिन घेराबंदी कर एक कार के चालक को दबोच लिया गया। दूसरी कार का चालक पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
पुलिस ने जब दोनों लग्जरी कारों की डिक्की की तलाशी ली तो कारों में रखी गई हरियाणा निर्मित शराब की बोतलें मिलीं। पुलिस के अनुसार, यह इस महीने अब तक की सबसे बड़ी खेप है। गिरफ्तार चालक के अनुसार शराब को हरियाणा से पहले कुशीनगर लाया गया था। वहां से दूसरे चालक ने देवरिया के पास इसे हैंडओवर किया। गिरफ्तार चालक की पहचान कुशीनगर निवासी रितेश मिश्रा के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि होली के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। पकड़े गए चालक से पूछताछ कर इस रैकेट के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है।