संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। पांच दिन पहले आधी रात को बाजार के बीच सौंदर्य प्रसाधन की दुकान और गोदाम में अचानक आग लगने से सामान जलकर राख हो गया था।
हादसे के अगले दिन तक तहसील प्रशासन ने मौके का निरीक्षण किया था। शनिवार को एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर उसके दुकान और गोदाम का जायजा लिया। उन्होंने बाजार की गलियों में हुए अतिक्रमण पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
कस्बे के वार्ड नंबर 12 परशुराम धाम निवासी हरिश्चंद्र उर्फ मुन्ना रौनियार की किशोरगंज में किराये के मकान में सौंदर्य प्रसाधन की आगे दुकान और पीछे गोदाम है।
पिछले सोमवार की रात करीब 11 बजे सौंदर्य प्रसाधन के गोदाम में अचानक आग लग गई थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भयभीत हो गए थे। बगल में किराना के थोक विक्रेता शंभू दयाल गुप्ता, कपड़ा व्यापारी रवीर रसूल, दिलीप कुमार, पप्पू रौनियार आग की लपटें देख अपनी दुकान का सामान बाहर करने लगे थे।
संयोग अच्छा रहा कि आग उसी दुकान तक सीमित रह गई। बगल में तेल और रिफाइन का भी गोदाम था। यदि आग की लपटें उधर बढ़ गईं होतीं तो स्थिति और भयावह हो जाती।
हादसे के अगले दिन तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर क्षतिपूर्ति की रिपोर्ट तैयार की। व्यापारी का मामला होने के चलते शनिवार को एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने मौके का निरीक्षण किया।
वहां मौजूद दुकानदार हरिश्चंद्र के साथ संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष सतीश चंद्र जायसवाल, शंभू दयाल गुप्ता, विनोद ठेकेदार से आग लगने के बारे में जानकारी ली।
दुकानदार को उन्होंने जिला प्रशासन से क्षतिपूर्ति दिलाने का आश्वासन दिया।