नीलांबुज मिश्र
सलेमपुर। पूर्वांचल के नौनिहालों के लिए काल का पर्याय बन चुकी नवकी बीमारी (जेई/एईएस) के खिलाफ लड़ाई के लिए सलेमपुर से ‘विजय’ गीत गूंजा है।
व्हाट्स एप, फेसबुक जैसे माध्यमों पर इन दिनों वायरल हुआ यह गाना लोगाें को इंसेफेलाइटिस के वायरस के प्रति लोगों को जागरूक कर रहा है।
प्राथमिक शिक्षक, समाजसेवी विजय श्रीवास्तव ने इसे रचा है और अपने दो साथी प्रदीप शर्मा और सौदागर की मदद से गाना तैयार करके साइबर जगत में वायरल कर दिया है।
नगर के राघव नगर मोहल्ले के विजय कुमार श्रीवास्तव पेशे से प्राथमिक शिक्षक हैं। ड्यूटी के बाद इनका अधिकांश समय समाज सेवा में बीतता है। इंसेफेलाइटिस से नौनिहालों को बचाने के लिए विजय ने लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है।
इसी कड़ी में उन्होंने एक गीत रच डाला। प्रदीप शर्मा और सौदागर की मदद से गीत को स्वरबद्ध किया गया। अब तक यह गाना ‘आइल बा नवकी बीमारी हो तनी एसे बचाव....’ काफी लोगों तक पहुंच चुका है। विजय और उनकी टीम के इस पहल की लोगों ने सराहना की है।
विजय ने बताया कि इस गीत को यूट्यूब से भी डाउनलोड किया जा सकता है। कहा कि व्हाट्स एप पर यह गाना मंगाने के लिए 9454552622 पर संपर्क कर सकते हैं।