संवाद न्यूज एजेंसी तरकुलवा (देवरिया)। देवरिया-कसया मार्ग पर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास मंगलवार की देर रात बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी अवर अभियंता (जेई) लवलेश सिंह की कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार के पीछे खड़ा लाइनमैन द्वारिका गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद गुस्साए बिजली कर्मचारियों और स्कॉर्पियो सवार लोगों के बीच कहासुनी होते-होते मारपीट तक की नौबत आ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अवर अभियंता समेत दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। जेई को थाने में बैठाने की कार्रवाई से नाराज बिजलीकर्मियों ने तत्काल उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति रोक दी।
बिजली आपूर्ति ठप होने से तरकुलवा उपकेंद्र से जुड़े करीब 450 गांवों में बिजली गुल हो गई। इससे भीषण गर्मी में ग्रामीणों की रात बेहाल हो गई। पंखे, कूलर बंद हो जाने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों में आक्रोश और भ्रम की स्थिति बन गई। करीब पांच घंटे बाद रात एक बजे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर बिजलीकर्मियों ने आपूर्ति बहाल की।
अवर अभियंता लवलेश सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक अत्यधिक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
वहीं, थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने कहा कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ सा, जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लोगों को शांत कराया और पूछताछ जारी है।