तरकुलवा। कुशीनगर जिले के कसया उपकेंद्र के स्विच यार्ड के पास 33 केवीए मेन लाइन का केबल ब्लॉस्ट होने से तरकुलवा नगर पंचायत सहित 450 गांवों की बिजली 21 घंटे तक गुल रही। बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शनिवार की रात डेढ़ बजे तक कड़ी मशक्कत करक केबल को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति को बहाल कराया।
जानकारी के अनुसार, 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र तरकुलवा की मेन लाइन कुशीनगर जिले के कसया से आती है। इससे उपकेंद्र पर लगे तरकुलवा, पथरदेवा, गढ़रामपुर और बंजरिया फीडरों के जरिये तरकुलवा व पथरदेव नगरपंचायत और गढ़रामपुर, बंजरिया, कंचनपुर, सोनहुला रामनगर, मुंडेरा बाबू, महुअवा बाजराटर, गुलहरिया, बालपुर श्रीनगर, नारायणपुर, बाबूपट्टी, महुआपाटन, सोनहुला रामनगर आदि बाजारों और लगभग 450 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है।
प्रचंड गर्मी के बीच बिजली की खपत भी बढ़ी है। इससे सारे तार-ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोड हो गए हैं। शनिवार की सुबह करीब 4:30 बजे कसया उपकेंद्र के पास मेन लाइन का भूमिगत केबल अचानक ब्लास्ट हो गया। इससे उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे उपभोक्ताओं को मिल रही सप्लाई बंद हो गई।