शिकायत पर पहुंचे निगम के कर्मियों के फाल्ट दुरुस्त करने पर आपूर्ति हुई बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। शिव मंदिर के पास अचानक रात ग्यारह बजे जम्फड़ फाल्ट कर गया, जिससे भरटोलीया वार्ड व सराफा गली की बिजली 17 घंटे तक गुल रही। उमस भरी गर्मी में तीन हजार की आबादी परेशान रही। शिकायत पर रविवार शाम पांच बजे पहुंचे निगम के कर्मियों ने फाल्ट को ठीक किया। इसके बाद आपूर्ति बहाल हुई।
लार नगर की बिजली व्यवस्था यलड़खड़ाती जा रही है। लोकल फाल्ट, ओवरलोड, व ट्रिंपिंग से उपभोक्ता परेशान हैं। इसे लेकर रोज उपभोक्ताओं की निगम के कर्मियों से कहासुनी हो रही है। शनिवार की रात आपूर्ति चालू थी। इसी बीच अचानक नगर के शिव मंदिर के पास पोल पर जम्फड़ फाल्ट हो गया। इसके बाद भरटोलिया वार्ड,सराफा रोड की बत्ती गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में लोग करवटें बदल किसी तरह से रात गुजारे।सुबह तक फाल्ट ठीक नहीं हो सका। आपूर्ति के अभाव में घरों में लगे उपकरण बंद पड़े रहे। सबसे अधिक परेशानी दोपहर बाद लोगों को पानी के लिए हुई। गर्मी में बच्चे महिलाएं परेशान दिखे। उधर लोगों की शिकायत पर जेई राजकुमार कार्मियों के साथ फाल्ट ठीक करने पहुंचे। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फाल्ट को ठीक किया गया। इसके बाद आपूर्ति बहाल हुई। उधर भरटोलिया वार्ड के अमन बरनवाल ने बताया कि बिजली व्यवस्था से आजिज हो चुके हैं हर रोज नगर में फाल्ट होती रहती है।अगर फाल्ट शाम सात बजे के बाद होती है तो निगम के कर्मीयों को सूचना देने पर नहीं आते हैं। मजबूर होकर पूरी रात अंधेरे में रहना पड़ता है। जबकि बिल का भुगतान हम उपभोक्ता समय से करते हैं। विवेक गुप्ता ने बताया की आए दिन फाल्ट की समस्या बनी रहती है। बिजली की आपूर्ति कब बंद हो जाए इसका कोई ठिकाना नहीं है। आपूर्ति बाधित होने का असर व्यवसाय पर भी पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने पर दुकान के अंदर रहने में परेशानी होती है। व्यवसाय भी चौपट हो रहा है। मनीष जायसवाल ने बताया कि नगर में लगे तार जर्जर हो गए हैं। शाम होते ही गल के गिरना शुरू हो जाता है। ऐसे में घंटों आपूर्ति बाधित होती रहती है। शिकायत के बाद भी इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है।
शिव मंदिर के समीप पोल पर जम्फड़ फाल्ट हुआ था। इसे ठीक करा दिया गया है। जम्फड़ छुड़ाने की बात गलत है। अगर कोई कर्मी ऐसा करता है तो उपभोक्ताओं को हमें सूचना देना चाहिए। उस पर कार्रवाई की जाएगी।
राजकुमार ,जेई लार
ट्रांसफॉर्मर पर लोड ना पड़े इस लिए छुड़ा दिया जंफड़
अमन बरनवाल सहित कई उपभोक्ता का आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर न जले इसके लिए निगम के कर्मियों ने शनिवार की रात जम्फड़ छुड़ा दिया। जिसके बाद पूरी रात बिजली गुल रही।आनन फानन में अपनी कमी छुपाने के लिए फाल्ट को दुरुस्त किया गया
एक्सपायर पैनल डाल रहा निर्बाध आपूर्ति में खलल
लार उपकेंद्र के अंदर 33/11 का लगा पैनल निगम कर्मियों के मुताबिक एक्सपायर हो चूका है। इससे फीडर ब्लास्ट हो रहा है। कई बार फीडर ब्लास्ट होने की वजह से कर्मी हादसे से बच चुके हैं। इसके चलते आपूर्ति बाधित हो जाती है। निगम के उच्चाधिकारियों से इसे ठीक कराने की बात कही गई है। लेकिन इसे अनसुना कर दे रहे हैं। अगर समय रहते इसे नहीं बदला गया तो बड़ी घटना हो सकती है।
नदौली गांव का ट्रांसफॉर्मर जला
लार ब्लाक के नदौली गांव में तीन दिन पूर्व लगा 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर जल गया। करीब सौ से अधिक घरों की आपूर्ति ठप है। गांव के लोगों ने जल्द इसे बदलने की मांग की है।