संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। बिजली कटौती का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रही। तीन-चार दिन से बेजोड़ उमस भरी गर्मी पड़ रही है। साथ ही, रोस्टिंग कटौती भी जमकर हो रही है। हालात यह रहा कि इस उमसभरी गर्मी में बुधवार को करीब-करीब दिनभर बिजली गुल रही। निगम के कर्मचारियों से बात करने पर पता चला रोस्टिंग कटौती के चलते बिजली गुल है। खुखुंदू उपकेंद्र से चार फीडरों के माध्यम से ढाई सौ गांवों की बिजली दी जाती है। तीन-चार दिन से उमसभरी गर्मी बढ़ गई है। ऐसे में निगम जमकर कटौती भी कर रहा है। जब भी उपभोक्ता कर्मचारियों से फोन कर पूछते हैं कि बिजली कब तक मिलेगी। उनका कहना है कि मेन सप्लाई नहीं है। यह सुनते-सुनते सुबह से शाम हो जा रहा है।
हालांकि, उसी में एकाध बार बिजली आकर कुछ पल बाद चली जा रही है। फिर शाम को बिजली आने के बाद आंख मिचौली का खेल शुरू हो जा रहा है, जो देर रात तक चल रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब बिजली की जरूरत है तो खूब रोस्टिंग कटौती की जा रही है। इस पर ध्यान देने वाला कोई नहीं है।
कटौती से घर के अंदर रह रहीं महिलाएं काफी परेशान हो जा रही हैं। दिनभर कटौती से इन्वर्टर भी जवाब दे जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली में सुधार करने की उच्चाधिकारियों से मांग की है। जेई सोनू कुमार का कहना है कि रोस्टिंग कटौती हो रही है। स्थानीय स्तर से कोई कटौती नहीं की जा रही है।