-
राघव नगर, जेल रोड, रामगुलाम टोला और मालवीय रोड पर हैं सड़क के बीच में पोल
नगर पालिका और विद्युत निगम के अधिकारी लापरवाही के लिए एक-दूसरे को बता रहे जिम्मेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर की सीमा बढ़ती जा रही है। आसपास के गांव भी शहर की जद में आने लगे हैं। सड़कें भी चौड़ी हो रही हैं। लेकिन पुराने समय से लगे बिजली के पोल अब भी वहीं खड़े हैं। उनमें जंग भी लग गई है। बस बदलाव यह है कि जहां पहले वह किनारे खड़े थे। अब सड़क बनने और चौड़ा हाेने के कारण वे बीच में आ गए हैं। कहीं-कहीं तिराहे पर ये पोल इस तरह खड़े हैं कि किसी को गाड़ी घुमानी हो तो उसे कई बार बैक करके घुमानी पड़ती है। स्थानीय लोगों को हमेशा खतरे की आशंका बनी रहती है। बीच सड़क पर पोल होने की बात करने पर नगर पालिका और विद्युत निगम अधिकारी एक दूसरे को इसका जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
बात करें नगर पालिका की तो इसको हटाने के लिए उसने कभी पहल नहीं की। राज्य विद्युत निगम भी इस बारे में लापरवाह बना हुआ है। चौड़ी सड़कें या गलियां बनने से फायदा क्या है। जब सड़कों पर बीच में पोल हैं। पैदल वाले तो निकल जाते हैं, लेकिन चारपहिया वाहन के लिए यहां पर वन वे की स्थिति बन जाती है। आए दिन इसकी वजह से जाम लग जाता है। सड़क के बीच में खड़े बिजली के पोल व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। ऐसा एक दो जगह नहीं, बल्कि शहर में कई जगहों पर है। ये बिजली पोल सड़कों के बीचोंबीच या सड़क के किनारे हैं। इनकी वजह से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। दो सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली के बीच में व्यवस्था ऐसी फंसी कि न बिजली पोल बदले न सड़क बनाने का काम रुका।
विद्युत पोल हटवाने की बजाय बना दी सड़क
विभागीय अधिकारियों ने सड़क के बीच से खंभे नहीं हटने के बावजूद नई सड़क बना डाली। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा। सड़क के बीच में कई बिजली के पोल खड़े हैं। इससे आने-जाने में काफी परेशानी होती है। बरसात के दिनों में हर समय भय बना रहता है कि कहीं इसमें करंट न आ जाए और कोई इसकी चपेट में न आ जाए।
शहर की मुख्य सड़कों से लेकर मोहल्लों में दर्जनों जगह सड़क पर मौजूद हैं विद्युत पोल
शहर की मुख्य सड़कों से मोहल्लों में बिजली निगम के खंभे हादसे व जाम का सबब बने हुए हैं। इसकी वजह से सड़कें संकरी हो गई हैं। शहर के सिविल लाइन से रुद्रपुर मोड़ तक रोड की पटरियों पर विद्युत पोल मौजूद हैं। शहर के राघव नगर, जेल रोड, रामगुलाम टोला, भुजौली कॉलोनी और मालवीय रोड पर दर्जनों से अधिक पोल या तो सड़क की चौड़ाई कम कर रहे हैं या फिर हर समय खतरे के कारण बन रहे हैं।
स्कीपअप
सैनिक कल्याण कार्यालय से रामनाथ देवरिया व राघव नगर की तरफ जाने वाली सड़क पर एक लोहे का पुल सड़क के बीचोंबीच स्थित है। इस मार्ग से रोजना दर्जनों की संख्या में लोग इस मार्ग से होकर आते-जाते हैं। इस मोहल्ले की रहने वाले शुभावती देवी ने कहा कि पूर्व के सभासद से कई बार इस पोल को हटाने के लिए कहा गया, परंतु समस्या जस की तस है। इसी तरह वर्तमान सभासद से भी कहा गया है। बरसात में हर समय करंट उतरने का डर बना रहता है।
-शुभावती देवी, राघव नगर
मोहल्ले में विद्युत पोल को बेतरतीब ढंग से सड़क के बीच में खड़ा किया गया है। विद्युत पोल को कवर करते हुए नगर पालिका ने सड़क भी बना दी। सड़क के किनारे कहीं एक तो कहीं दो-दो पोल खड़ाकर छोड़ दिया गया है। इससे अवागमन में काफी दिक्कतें होती हैं। कई बार सभासदों से इसे हटाने की बात कही गई, परंतु अभी तक इसे हटाया नहीं जा सका है।
-धीरेंद्र कनौजिया, रामगुलाम टोला पूर्वी
कोट
शहर के विभिन्न मोहल्लों में सड़क के बीच में विद्युत पोल को हटवाने की जिम्मेदारी नगर पालिका की नहीं है। इसकी जवाबदेही बिजली निगम की है। निगम के अधिकारी ही इस संबंध में जरूरी जानकारी दे पाएंगे।
-अर्चना शुक्ला, ईओ, नगर पालिका
शहर में बिजली निगम के पोल किनारे ही रहते हैं। मोहल्लों के बसने व सड़क चौड़ीकरण के दरम्यान विद्युत पोल सड़क के बीचोंबीच हुए हैं। नगर पालिका या मोहल्लों में सड़क निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्था विद्युत पोल की शिफ्टिंग सड़क के किनारे न करा सड़क निर्माण कराकर खानापूर्ति कर लेता है। इसके चलते ऐसी समस्या बनी है। इस संंबंध में शीघ्र पहल शुरू की जाएगी।
-वीके सिंह, अधिशासी अभियंता