संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपार रानी। स्थानीय सब स्टेशन के 11000 के खामपार फीडर में नए तार लगने और जर्जर तारों के बदलने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है।
सब स्टेशन से संचालित खामपार फीडर से लगभग एक दर्जन गांव की आपूर्ति होती है। इसमें तार जर्जर होने के कारण आए दिन टूट कर गिर जा रहे थे। सबसे ज्यादा दिक्कत बरसात के मौसम में होती थी। जसुई ताल में पानी लगने के दौरान ही तार टूट जाने पर विद्युत कर्मियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ता था। बार-बार आ रहे फाॅल्ट व तार टूटने की शिकायत को विभाग ने संज्ञान में लेते हुए नया तार लगवाना शुरू कर दिया है।
बेलपार पंडित, जसुई, मधऊर ,करही, भठवा तिवारी आदि स्थानों पर 11000 मेन लाइन की तार बदली जा रही हैं, जिससे आपूर्ति में बाधा आ रही है। तार बदलने का कार्य लगभग एक सप्ताह तक चलेगा। अवर अभियंता रामशीष राम ने बताया कि खामपार फीडर की आपूर्ति से संबंधित तारों को बदला जा रहा है। इससे आपूर्ति बाधित हो रही है। एक सप्ताह के अंदर ही जर्जर तारों को बदल दिया जाएगा और आपूर्ति सही हो जाएगी।