फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: अकीदत के साथ हुई ईद की नमाज, गले मिलकर दी बधाई

Fri, 12 Apr 2024 12:23 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
मालवीय रोड ​स्थित ईदगाह में लोगो ने ईद की नमाज अदा की।संवाद
विज्ञापन
खुदा के सजदे में झुके हजारों सिर, मुल्क की सलामती की दुआ मांगी
विज्ञापन



फोटो

संवाद न्यूज एजेंसी

देवरिया। जिले में बृहस्पतिवार को ईद खुशी के माहौल में मनाया गया। सुबह में ईदगाहों व मस्जिदों में बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की और मुल्क की सलामती की दुआ की। ऐन नमाज के वक्त ही शहर में हुई बारिश के बावजूद नमाजियों का उत्साह कम नहीं हुआ। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकवाद दी। पूरे दिन घर आए मेहमानों का स्वागत किया गया। उन्हें सेवईं और अन्य लजीज व्यंजन खिलाए गए।
पर्व को लेकर मुस्लिम मोहल्लों में विशेष उत्साह देखा गया। शहर के मालवीय रोड स्थित ईदगाह में सुबह सात बजे जामा मस्जिद के पेश इमाम मुफ्ती अशफाक अहमद काशमी ने नमाज अदा कराई। बांस देवरिया में इमाम रजा, भुजौली काॅलोनी की मस्जिद में सुबह 7:15 बजे, न्यू काॅलोनी में सुबह सात बजे, छोटी मजिस्द अबूबकरनगर में सुबह सात बजे सहित अन्य मस्जिदों में वहां के पेश इमाम ने ईद की नमाज अदा कराई।
विज्ञापन


शहर के ईदगाह में रही सर्वाधिक भीड़, लगा मेला

मालवीय रोड स्थित ईदगाह में सर्वाधिक लोग नमाज पढ़ने के लिए जुटे। छोटे बच्चे भी नए कपड़े पहनकर आए थे। ईद की नमाज के बाद एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एएसपी दीपेंद्र चौधरी, एसडीएम सदर, सीओ सिटी संजय रेड्डी सहित अन्य अधिकारियों ने एवं अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर मो. जलालुद्दीन ने अन्य सदस्यों के साथ नमाजियों को पर्व की बधाई दी। नमाज के बाद छोटे बच्चों ने मेले का आनंद उठाया।





छाता लेकर पहुंचे कुछ नमाजी

नमाज के दौरान ही शहर में बारिश शुरू हो गई। हालांकि, लोगों का उत्साह जरा भी कम नहीं हुआ। पेश इमाम भी लोगों को प्रेरित करते रहे। कुछ नमाजी छाता लेकर भी पहुंचे।

कड़ी सुरक्षा के बीच ईदगाह में अदा की नमाज
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर/मदनपुर। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार को रुद्रपुर में ईदगाह और रज़बिया मस्जिद में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई। इस दौरान ईदगाह पर पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात रहे।
रुद्रपुर में ईदगाह में सुबह 7:30 बजे से ईद की पहली नमाज शुरू कर दी गई। नमाज पढ़ने वालों से ईदगाह परिसर और छत भर जाने से कई को बाहर खड़े होकर दूसरी नमाज का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मौलाना अमीर खान ने रोजेदारों को ईद का नमाज पढ़ाया।
क्षेत्र के मदनपुर, भैंसही और निबही गांव की मस्जिदों में भी ईद की नमाज पढ़ी गई। मदनपुर में मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ने पर रोक लगाने का लोगों ने एतराज किया। लेकिन पुलिस के कड़ा रुख अख्तियार कर लेने पर लोग शांत हो गए। इस दौरान सीओ अंशुमान श्रीवास्तव और कोतवाल रतन कुमार पांडेय, एसडीएम रुद्रपुर रत्नेश तिवारी, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, एनटीआर अनिल तिवारी मदनपुर सहित क्षेत्र की मस्जिदों पर भ्रमण करते रहे। रोजेदारों की भावना आहत करने का आरोप
रुद्रपुर। पूर्व सभासद कैशर अंसारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने इस बार ईद पर रोजेदारों की भावनाओं को आहत कर दिया है। रुद्रपुर में पहली बार ईदगाह के बरामदे में भी नमाज अदा करने पर रोक लगा दी गई। रोजेदारों को नमाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। यहां कभी भी ईदगाह में ईद के मौके पर दो बार नमाज नहीं पढ़ाई गई। इस बाबत सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से कहीं भी मस्जिद और ईदगाह के बाहर नमाज पढ़ने पर रोक है।

ईदगाह में नमाज पढ़ने गए 105 वर्ष के हमीद
फोटो समाचार
रुद्रपुर। उम्र का शतक लगा चुके हमीद कुरैसी ईद का नमाज अदा करने ईदगाह पहुंचे। उनके नाती-पोते उन्हें ईद की अहम नमाज में हिस्सा लेने के लिए ईदगाह ले गए। 105 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हमीद का हाथ चूमकर ईदगाह पर रोजेदारों ने उन्हें मुबारकबाद दी।


सेवईं खिलाकर मुंह मीठा कराया
फोटो समाचार
......
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। तहसील क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह ईद-उल-फितर हर्षोल्लास से मनाया गया। लोगों ने ईदगाह में ईद की नमाज अदा कर अमन की दुआ मांगी। सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर अमन एवं चैन की दुआ की।
हरैया स्थित ईदगाह, भठवां धर्मपुर स्थित मस्जिद समेत मझौली राज, कस्बा सलेमपुर, नवलपुर, औरंगाबाद, लार, पड़री बाजार, भटनी में ईद-उल-फितर धूमधाम से मनाया गया। लोग सुबह से ही मस्जिद में इकट्ठा होना शुरू हो गए थे और अलग-अलग समय पर नमाज अदा की। गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। सेवइयां खिलाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया।
हरैया की ईदगाह पर एसडीएम गिरीश कुमार झा, सीओ दीपक शुक्ला, नायब तहसीलदार गोपालजी, भठवां धर्मपुर मस्जिद पर तहसीलदार अलका सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव, ईओ हिमांशु प्रताप सिंह, त्रिवेणी गुप्ता, पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद, ओपी यादव समेत अन्य अधिकारी एवन कर्मचारी पुलिस विभाग की टीम मौजूद रहे।
मेहरौना प्रतिनिधि के अनुसार, मेहरौना में रामजानकी मार्ग स्थित ईदगाह में नमाज अदा की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक देवरिया भीमकुमार गौतम, पुलिस क्षेत्राधिकारी सलेमपुर दीपक शुक्ल, इंस्पेक्टर लार कपिल देव चौधरी मौजूद रहे।


फोटो समाचार
सुरक्षा का था पुख्ता इंतजाम, जगह-जगह तैनात रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर-क्षेत्र में ईद-उल-फितर बृहस्पतिवार को परंपरागत तरीके से मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोग सुबह से ही ब्लॉक के पैना मार्ग स्थित ईदगाह पर जुटने लगे थे। जगह-जगह पुलिस तैनात रही।

साढ़े आठ बजे ईदगाह और गौरा मस्जिद में मौलाना राशिद अली, नाका मस्जिद में कारी वसीउल्लाह ने ईद की नमाज अदा कराई। ईदगाह पर मेले जैसा माहौल रहा। दूसरी ओर भलुअनी, सोनाड़ी, गड़ेर, मगहरा, वीरपुर मिश्र, करुअना, पैना, कपरवार, बरांव, देवपार आदि क्षेत्रों में लोगों ने शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में ईद की नमाज अदा की।
एसडीएम दिशा श्रीवास्तव, सीओ आदित्य कुमार गौतम और अधिशासी अधिकारी निरुपमा प्रताप, इंस्पेक्टर राहुल कुमार चौहान, भलुअनी अर्चना सिंह, कपरवार चौकी इंचार्ज महेंद्र मोहन मिश्र आदि हालात पर नजर बनाए हुए थे। इस अवसर पर हाजी डॉ. एएच लारी, हाजी नईम अहमद, हाजी मोहम्मद मुस्तफा, मौलाना अनीस अहमद, मौलाना नूरुल इस्लाम, हाफिज जावेद, मुजफ्फर हुसैन मंसूरी, अब्दुल खालिक अंसारी, नबाब हुसैन, बबलू राईन, सेराज अंसारी आदि मौजूद रहे।

ईद की नमाज से पहले पेड़ में लगी आग

संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। ईद की नमाज से पहले विद्युत तार की चिंगारी से पेड़ में आग लग गई। इससे रामपुर कारखाना चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने ईद की नमाज पढ़ने आ रहे नमाजियों को किनारे कराया और सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई।
रामपुर कारखाना मुख्य चौराहे से डायट को विद्युत आपूर्ति दी जाती है। देवरिया-कसया मार्ग के पश्चिमी छोर से होकर बिजली का तार निकला है। बृहस्पतिवार की सुबह डुमरी और सिरसिया महदेया पोखारभिंडा के मुस्लिम समाज के लोग रामपुर कारखाना जामा ईदगाह पर नमाज पढ़ने आ रहे थे। इसी दौरान मुख्य चौराहे पर तार के आपस में चिपकने से चिंगारी निकली और पेड़ की डाल जलने लगी। विद्युत तार के स्पार्क करने और चिंगारी की आवाज से चौराहे की दुकानदारों ने नमाजियों को किनारे कराया। तार के स्पार्क करने और आग लगने से चौराहे पर खड़े लोग अपने-अपने वाहन लेकर इधर-उधर भागने लगे। दुकानदार नीरज चौरसिया सहित अन्य लोगों ने पांडेय चक सब स्टेशन पर फोन करके आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद नमाजी ईदगाह की ओर नमाज पढ़ने गए।

पढ़ी नमाज, गले मिलकर बोले ईद मुबारक
रामपुर कारखाना। रामपुर कारखाना जमा ईदगाह में 8:15 बजे पेश इमाम हाफिज मोहम्मद इरफान खान ने ईद-उल-फितर की नमाज पढ़ाई। नमाज शुरू होने के पहले ही ईदगाह खचाखच भर गई। हफीज खान ने कहा कि ईद की नमाज हंसी-खुशी मनाने का पर्व है। अपना पड़ोसी किसी भी धर्म और मजहब का हो, उसके साथ गले मिलें और सेवईं खाएं और खिलाएं। इसी तरह कोटवा, सामीपट्टी, कौला छापर, शामपुर, देवरिया बुद्धू खां, देसही देवरिया, बरवा मिरछापर, गौरा आदि ईदगाह में अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गई।

मस्जिद में पढ़ी गई ईद की नमाज
देवरिया। बघौचघाट मस्जिद के इमाम मौलाना नियाज अहमद कासिमी ने जकात, खैरात, फितरे पर गरीबों का हक बताया। नमाज के बाद देश की तरक्की और शांति की दुआएं मांगी। रामनगर में मौलवी तजमुल हुसैन, पकहां घाट मस्जिद में मौलाना अहमद रजा, मालवा बरबनरही में मौलाना उस्मान रजा, कोटवा मस्जिद में हाफिज मौलाना रफीउल्लाह खान, शेख सेमरी मस्जिद में हाफिज सगीर अहमद, हाफिज शरीफ अहमद, बसडिला में समसुद्दीन अहमद, मेंहां हरंगपुर जमीअतुल इस्लाम में मुफ्ती बदरू जमा कासिमी, बेलम्हा बाजार में मौलाना ओबैदुल्लाह कासीमि, रामपुर महुआ वारी में मौलाना तनवीर अहमद रजा, मलसी खास में सूफी कलीम अहमद, महुआवारी पथरदेवा में मौलाना अमारुद्दीन सिद्दिकी , हरिमहुअवा में हाफिज जुलकर नैन रजा ने नमाज पढ़ाई।

अमन-चैन व खुशहाली के बीच मनाई गई ईद
देवरिया। बनकटा व श्रीरामपुर क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा के बीच ईद की नमाज सकुशल संपन्न हो गई। इस दौरान रामपुर बुजुर्ग, सोहनपुर, खोराबार, सिकटिया, ठाकुरपुर, नोनार, नवादा व मिस्रौली सहित अन्य मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी गई। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी। वहीं, क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था को लेकर मस्जिदों व गावों में भ्रमण करते रहे। संवाद



मांगी गई मुल्क की सलामती की दुआ

भाटपाररानी। नगर सहित क्षेत्र में जगह-जगह स्थित मस्जिदों में बृहस्पतिवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की और एक-दूसरे को बधाइयां दीं। भाटपार रानी कस्बा स्थित जामा मस्जिद और दुबौली मे मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क की सलामती की दुआएं मांगी।
सिकटिया, रामपुर बुजुर्ग, भवानी छापर,सवरेजी, भोपतपुरा,भिंगारी, सरया, खामपार, बखरी, सोहनपुर, दिस्तौली, मेहरौना, पकड़ीबाबू, बड़का गांव दूबे, पड़री, मिश्रौली, महुआ बारी, रहीमपुर, चुपवा, खेमीपुर, नेउरहा, जमनटोला, खुरवसिया, बंगरुआ, खड़ेसर, बहोरवा, टीकमपार, अमरीचक, कड़सरवा आदि अनेक स्थानों पर ईद की नमाज अदा की गई। संवाद

नमाज अदा कर मांगी गई मुल्क की सलामती की दुआ
प्रतापपुर। क्षेत्र की ईदगाह व मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क की सलामती की दुआएं मांगी। भोपतपुरा स्थित खेल के मैदान में मौलाना महमूद आलम कादरी ने ईद की नमाज पढ़ाई। संवाद तरकुलवा में धूमधाम से मना ईद-उल-फितर

देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को ईद-उल-फितर धूमधाम से मनाया गया। रोजेदारों ने ईद की नमाज अदाकर वतन की तरक्की, अमन चैन और खुशहाली की दुआएं मांगी। क्षेत्र के विभिन्न गांवों की मस्जिदों और कब्रिस्तान को झालरों से सजाया गया था।
तरकुलवा नगर पंचायत के वीर अब्दुल हमीद वार्ड के जामा मस्जिद में पेशे इमाम मौलाना जलालुद्दीन अंसारी ने ईद की नमाज अदा कराई। सीतापट्टी, बाबूपट्टी, रामपुर धौताल, कवलाचक, नरायनपुर, पोखर भिण्डा, बंजरिया, शेखपुरा, महुआपाटन, सोन्हुला रामनगर, मुंडेरा बाबू आदि गांवों की मस्जिदों में रोजेदारों ने ईद की नमाज पढ़ी और अमन-चैन व भाईचारे की दुआ की गई। संवाद देसही देवरिया में अमन-चैन के साथ मनी ईद
देसही देवरिया। विकास खंड क्षेत्र में बृहस्पतिवार को ईद पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। क्षेत्र के बैजनाथपुर, दिघवा पौटवा, बरवा मीरछापर, पिपरा मदन गोपाल, शामपुर, कौलाछापर आदि गांव स्थित प्रमुख मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा कर अपने परिवार सहित मुल्क की सलामती के लिए दुआएं मांगी।
शांतिपूर्वक संपन्न हुई नमाज
चनुकी। लार थाना क्षेत्र के सभी ईदगाहों में बृहस्पतिवार को ईद की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। नमाज अदा के दौरान नमाजियों ने सभी के लिए अमन-चैन की दुआ की। नगर के सेंट्रल बैंक के पीछे स्थित बड़ी ईदगाह, खुदैजा स्कूल के समीप स्थित ईदगाह सहित नगर के सभी ईदगाहों सहित रावतपार पांडेय, पिंडी आदि जगह सुबह ईद की नमाज अदा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक भीमकुमार गौतम, सीओ सलेमपुर, दीपक शुक्ला ईदगाहों पर नमाज के दौरान डटे रहे।
विज्ञापन



ईद के दिन अतिरिक्त सतर्क दिखे चुनावकर्मी देसही देवरिया। लोकसभा चुनाव को लेकर ईद के दिन पुलिस ने क्षेत्र के चौक-चौराहों अतिरिक्त सतर्कता बरती। आने-जाने वाले वाहनों को रोक कर उनकी गहन तलाशी ली गई। कई वाहनों पर लगे राजनीतिक दलों के झंडा और स्टीकर को उतरवाया गया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के आनंदनगर चौराहा पर बृहस्पतिवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट विजय कुमार ओझा के नेतृत्व में चेकिंग की गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट विजय कुमार ओझा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के बीच ईद त्योहार मनाया जा रहा है। इसलिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें