फोटो समाचार........
चुनाव सामग्री वितरण के लिए जिले में बने तीन डिस्पैच सेंटर
सुबह आठ बजे से 2514 पोलिंग पार्टियों के बीच होगा वितरण
तीनों सेंटर के 149 टेबल से होगा सामग्री का वितरण, रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। 66-देवरिया लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक जून को होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले में 1 जून को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों के दल को 31 मई को रवाना किया जाएगा।
जिले में मतदान सामग्री के वितरण के लिए तीन डिस्पैच सेंटर बनाए गए हैं। जहां से मतदान कर्मियों के बीच चुनाव सामग्री का वितरण कर रवाना किया जाएगा। रुद्रपुर विस, देवरिया सदर व बरहज विधानसभा क्षेत्र के मतदान कर्मियों को रविंद्र किशोर शादी स्पोर्ट्स स्टेडियम से रवाना किया जाएगा। यहां पर रुद्रपुर के लिए 17, देवरिया सदर के लिए 18 व बरहज के लिए 18 टेबल बनाए गए हैं। यहां से चुनाव सामग्री का वितरण होगा।
इसी तरह राजकीय इंटर कॉलेज में बने डिस्पैच सेंटर से पथरदेवा के लिए 19 व रामपुर कारखाना के लिए 20 टेबल बनाए गए हैं। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज से भाटपार रानी व सलेमपुर के मतदान कर्मी रवाना होंगे। भाटपार रानी के लिए 19 तो सलेमपुर के लिए 20 टेबल बनाए हैं।
मतदान के बाद दो सेंटर पर जमा होंगी ईवीएम
एक जून को मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम जमा करने के लिए शहर के महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज व डीएसएसएस कसया बाईपास रोड को रिसिविंग सेंटर व स्ट्रांग रूम बनाया गया है। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में रुद्रपुर, भाटपाररानी, सलेमपुर व बरहज की ईवीएम जमा होंगी। इसके लिए क्रमश: 17, 19, 18 व 18 टेबल बनाए गए हैं।
इसी तरह डीएसएसएस कसया बाईपास रोड पर देवरिया, पथरदेवा व रामपुर कारखाना का इवीएम जमा कराया जाएगा। इसके लिए 18, 19 व 20 टेबल बनाए गए हैं।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए 1215 वाहन अधिग्रहीत
परिवहन विभाग ने चुनाव के लिए बड़े एवं छोटे वाहनों को मिलाकर कुल 1215 वाहनों का अधिग्रहण शुरू कर दिया है। परिवहन विभाग की तरफ से अधिग्रहीत वाहन मतदान सामग्री के लिए बने तीनों डिस्पैच सेंटर पर पहुंच गए हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों की मानें तो पोलिंग पार्टी और पोलिंग सामग्री को बूथों तक पहुंचाने के लिए वाहनों का अधिग्रहण करने का कार्य काफी दिनों से चल रहा है। लोकसभा चुनाव कराने के लिए मतदान कार्मिकों को बूथ तक पहुंचाने के लिए करीब 1215 बड़े एवं छोटे वाहनों उपलब्ध हो चुके हैं। इसमें बस, बोलेरो, स्कार्पियो व डीसीएम आदि वाहन शामिल हैं।
एआरटीओ आशुतोष शुक्ला ने बताया कि अधिग्रहीत किए गए छोटे-बड़े सभी वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा जा चुका है। वाहन स्वामियों को 30 मई तक जिला मुख्यालय पर उपस्थिति दर्ज कराने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। उनका कहना है कि लोकसभा चुनाव के लिए वाहन उपलब्ध न कराने वाले स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे तक 650 हल्के वाहन, जिसमें बोलेरो व स्कार्पियो, 540 बसें और 25 डीसीएम तीनों डिस्पैच सेंटर पर पहुंच चुके हैं। अन्य वाहन के भी पहुुंचने की उम्मीद है। सुबह मतदान सामग्री वितरण के बाद पोलिंग पार्टियां इन वाहनों से मतदान केंद्र के लिए रवाना होंगी।