बैतालपुर। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सिरजम चौराहे के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने साइकिल सवार वृद्ध को रौंद दिया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
सिरजम गांव निवासी जिउत प्रसाद कनौजिया (62) सुबह साइकिल से श्रीराम चौराहे पर स्थित अपनी लॉन्ड्री पर जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वह गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर पहुंचे, गोरखपुर की ओर आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर गौरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सीओ रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि हादसा स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन की पहचान की जाएगी। लिखित शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई होगी।