ध्वस्त नहीं किए जाएंगे ब्लड बैंक समेत आठ भवन
देवरिया। देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज निर्माण की जद में जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक, पैथोलॉजी सहित आठ भवन नहीं आएंगे। इन भवनों को ध्वस्त नहीं किया जाएगा, हालांकि इनमें कुछ की मरम्मत कराई जाएगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड कुशीनगर इकाई, देवरिया प्रभारी अखिलेश सिंह ने पत्र जारी किया है।
बाबू मोहन सिंह जिला चिकित्सालय की भूमि पर 207 करोड़ की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। इसके अक्तूबर 2021 में तैयार होने की संभावना है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए जिला चिकित्सालय व जिला महिला चिकित्सालय के पुराने भवनों के ध्वस्तीकरण के लिए सीडीओ की देेखरेख में कमेटी गठित की गई।
अगस्त 2019 के बाद ध्वस्तीकरण कार्य शुरू हुआ और मेडिकल कॉलेज के लिए भवनों का निर्माण शुरू हो गया। इसी बीच उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड कुशीनगर इकाई, देवरिया के प्रभारी ने पत्र जारी किया है। इसमें लिखा है कि कार्य के स्वीकृत आगणन में कुछ भवनों का तोड़ा जाना आवश्यक नहीं है। इसमें ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे, आयुष विभाग, एनयूएचएम भवन, रेडक्रॉस भवन, आरओ प्लांट व पंप हाउस शामिल हैं। उन्होंने कहा है कि इनमें कुछ भवनों की मरम्मत कराई जाएगी। सीडीओ शिव शरणप्पा जीएन ने कहा कि कुछ पुराने भवनों की मरम्मत जल्द कराई जाएगी।